राजनगर/ Rasbihari Mandal आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो बुधवार को जमशेदपुर जाने के क्रम में राजनगर पहुंचे. जहां उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ता दिलीप महतो से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. मालूम हो कि दिलीप महतो का पिछले दिनों ऑपरेशन हुआ है. फिलहाल वह स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं. उसके बाद पूर्व डिप्टी सीएम जमशेदपुर के घोड़ाबांधा के लिए निकल गए. वहां दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने की बात उन्होंने कही.

इससे पूर्व राजनगर में मीडिया कर्मियों से बातचीत के क्रम में उन्होंने कई सवालों का बेबाकी से जवाब दिया. आजसू प्रमुख ने पिछले दिनों गोड्डा में आदिवासी नेता सूर्य नारायण हांसदा के एनकाउंटर पर सवाल उठाया और राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा कि राज्य में जब सरेंडर पॉलिसी है तो सूर्या हांसदा के मामले में ऐसी क्या जल्दबाजी थी कि उसका एनकाउंटर करना पड़ा. उन्होंने भी पूरे मामले की जांच की मांग की है.
इधर राज्य के ताज़ा सियासी घटनाक्रम पर भी उन्होंने बेबाकी से अपनी बात कही. मालूम हो कि इन दिनों झारखंड के राजनितिक गलियारों से सत्ता परिवर्तन और झारखंड मुक्ति मोर्चा- भाजपा के बीच कुछ खिचड़ी पकने की सुगबुगाहट आ रही है. इस सवाल के जवाब में आजसू सुप्रीमो ने नपे- तुले अंदाज में जवाब दिया और कहा कि मैं इतनी दूर की नहीं सोच रहा हूं. दु:ख की घड़ी में लोगों का आना- जाना सामान्य प्रक्रिया है. फिलहाल मैं उसी रूप से देख रहा हूं. यदि ऐसी कोई संभावना होगी भी तो इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है.
वहीं नगड़ी में बनने वाले रिम्स पार्ट 2 पर पूछे गए सवाल के जवाब में श्री महतो ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार को दोहरा चरित्र वाला करार दिया. उन्होंने कहा कि पहले जब नगड़ी में रिम्स पार्ट 2 की बात चल रही थी तो इसी सरकार ने विरोध किया था. बता दे कि नगड़ी में रिम्स पार्ट 2 के विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है. उन्होंने 24 अगस्त को नगड़ी में रैयतों के साथ हल चलाने का ऐलान किया है. इसका मतलब साफ हो गया है कि नगड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के विरोध को आजसू की मौन स्वीकृति मिल चुकी है.

