लोहरदगा: राज्य में रिम्स टू को लेकर राजनीति तेज हो गई है. ग्रामीण लगातार इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी क्रम में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने नगड़ी में ग्रामीणों पर हुई पुलिस की लाठीचार्ज और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को हाउस अरेस्ट किए जाने पर हेमंत सरकार को कठघरे में खड़ा किया है.

सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा गुरुजी शिबू सोरेन के मूल्यों और विचारधारा का पालन नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से दंडात्मक है और इससे सरकार की निराशा साफ झलकती है. जिस विचारधारा को लेकर झामुमो अस्तित्व में आया था, आज उसी विचारधारा से वह भटक चुका है.
आजसू सुप्रीमो ने कहा कि यही वह मैदान है जहां गुरुजी ने किसानों को हल जोतने के लिए प्रेरित किया था. लेकिन आज उन्हीं के बेटे द्वारा उसी भूमि पर ग्रामीणों को रोकने के लिए पुलिस बल खड़ा किया जा रहा है. यह स्थिति दर्शाती है कि पार्टी अब अपने सिद्धांतों से पूरी तरह दूर हो चुकी है.

