कुचाई: दलभंगा स्थित हाई स्कूल मैदान में आदिवासी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया. सुदूरवर्ती क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया. जिन मरीजों को नेत्र ऑपरेशन की आवश्यकता है, उनका कल बस द्वारा पूर्णिमा नेत्रालय में निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा.

इससे पूर्व 13 सितंबर को ट्रस्ट द्वारा इसी परिसर में 250 से अधिक लोगों का ब्लड सैंपल एकत्र कर जांच की गई थी. उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आज रिपोर्ट के साथ डॉक्टरों ने उपस्थित लोगों को परामर्श प्रदान किया तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और रोग-निवारण के उपायों की जानकारी दी. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शिविर में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना ही खुशहाल जीवन का आधार है. उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी. इस निःशुल्क जांच शिविर में रांची के डॉ. एसके. पाल, डॉ. अनुपम कुमार सिंह, डॉ. एसएन. मुखर्जी, डॉ. विजय अग्रवाल और डॉ. रवि दौलत की टीम एवं पूर्णिमा नेत्रालय से श्री बिपिन कुमार ने टीम के साथ सेवाएं दीं.

ट्रस्ट के सचिव डॉ. अभिषेक मुंडा ने कहा कि यह हमारे ट्रस्ट द्वारा आयोजित पहला स्वास्थ्य शिविर है और इसकी प्रेरणा उन्हें अपने पिताजी से मिली है. उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का लक्ष्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. इस आयोजन में मुख्य रूप से ट्रस्ट के सचिव डॉ. अभिषेक सिंह मुंडा, संयोजक सुश्री माधवी जवानपुरिया, कोषाध्यक्ष गणेश सोलंकी, अभिजीत सिंह मुंडा, आदिवासी वेलफेयर सोसाइटी के जितेंद्र राय, लखी राम मुंडा, सुश्री विदिशा जवानपुरिया, सत्येंद्र सिंह और राहुल दास का योगदान रहा. अतिथि के रूप में डॉ. मीरा मुंडा, बीजेपी जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय महतो, रामनाथ महतो व अन्य विशेष रूप से उपस्थित थे.


