आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai इमली चौक स्थित बाबा तिलका मांझी स्मारक पर आयोजित विशेष बैठक में कल होने वाला विश्व आदिवासी दिवस का कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता माझी बाबा कुंज माझी ने की. तय किया गया कि 9 अगस्त 2025 को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में होने वाला कार्यक्रम अब नहीं होगा.

कार्यक्रम स्थगित करने का मुख्य कारण दिशोम गुरु शिबू सोरेन का हालिया निधन है. झारखंड आदिवासी संगठन के अध्यक्ष शंकर मार्डी और महासचिव रविन्द्र बास्के ने घोषणा की कि गुरुजी के श्राद्ध कर्म पूर्ण होने तक कोई सांस्कृतिक या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा. बैठक में राम हांसदा, रुहिदास चाकी, मुकेश हेंब्रम, सुधाकर हांसदा, दीपक सोरेन, शंकर किस्कु सहित कई गणमान्य और समाजसेवी मौजूद रहे. सभी ने सोरेन परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और इस शोक की घड़ी में एकजुटता का संदेश दिया.

