आदित्यपुर: सीतारामपुर डैम के पास बन रहे 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से आगामी 15 दिनों के भीतर 28 मार्च तक RIT थाना क्षेत्र में बनी तीन पानी टंकियों संख्या 8, 9 और 10 में पानी भेजकर उन्हें भरा जाएगा. इसके बाद क्रमवार क्षेत्र के करीब 16 से 20 हजार घरेलू कनेक्शन वाले घरों में परीक्षण के तौर पर पानी पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.


यह जानकारी जुडको के एक जिम्मेदार पदाधिकारी ने दी है.
वहीं सापड़ा में बन रहे 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के संबंध में बताया गया कि प्लांट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. प्लांट तक 11 हजार वोल्ट बिजली आपूर्ति के लिए वन विभाग से अनापत्ति लगभग मिल चुकी है. जल्द ही बिजली के खंभे गाड़कर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था शुरू की जाएगी. उम्मीद है कि सापड़ा का 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट अगस्त 2026 तक पूरा हो जाएगा.
गौरतलब है कि सापड़ा 60 एमएलडी और सीतारामपुर 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की 395 करोड़ रुपये की योजना एग्रीमेंट के अनुसार 3 दिसंबर 2021 को शुरू हुई थी और इसे तय समय में पूरा किया जाना था. लेकिन परियोजना 2023 तक भी शुरू नहीं हो सकी थी. इसके बाद सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा ने जलापूर्ति योजना को चालू कराने के लिए झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की, जिसके बाद काम में तेजी आई.
इस योजना को आगे बढ़ाने में पूर्व उपायुक्त अरवा राजकमल और रवि शंकर शुक्ला के प्रयासों की सराहना की गई है. वहीं वर्तमान उपायुक्त नितिन कुमार सिंह ने भी स्वयं कई बार प्लांट का निरीक्षण कर समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
ओम प्रकाश, अधिवक्ता एवं जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ने कहा कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो आदित्यपुर थाना क्षेत्र के ड्राई जोन वाले इलाकों में भी सापड़ा प्लांट पूरा होने तक सीतारामपुर प्लांट से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

