सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 34 से पार्षद पद की प्रत्याशी रिंकी देवी ने सोमवार को सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में नामांकन पर्चा दाखिल किया. नामांकन के बाद उन्होंने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपनी जीत का दावा किया. गाजे-बाजे और भारी संख्या में पहुंचे समर्थकों के उत्साह से चुनावी माहौल गर्म नजर आया.

गौरतलब है कि रिंकी देवी पहली बार निकाय चुनाव में किस्मत आजमा रही हैं. वह एक गृहिणी हैं और लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं. उनके पति संजय कुमार पिछले दस वर्षों से समाजसेवा से जुड़े हुए हैं, जिसका लाभ उन्हें चुनाव में मिलने की उम्मीद है.
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में रिंकी देवी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वार्ड के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उन्होंने बिना उद्घाटन ध्वस्त हुए छठ घाट की जांच कर नए सिरे से निर्माण कराने की बात कही. साथ ही वार्ड में पार्क का विकास, स्थायी पीडीएस दुकान की स्थापना, घर-घर जलापूर्ति योजना की सुनिश्चितता और सभी नालियों को मुख्य नाले से जोड़कर समुचित जल निकासी की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया.
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा. रिंकी देवी ने दावा किया कि उन्हें वार्ड की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और वे विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही हैं.

