आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 30 से पार्षद पद के प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी का नामांकन जांच के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने स्वीकृत कर लिया है. नामांकन के दौरान उन पर दो से अधिक संतान होने का आरोप लगाया गया था, जिसे उन्होंने निराधार और भ्रामक बताया.

निर्वाची पदाधिकारी को दिए गए लिखित स्पष्टीकरण में सुधीर चौधरी ने कहा कि उनकी कुल संतान संख्या दो है और दोनों पुत्र हैं. तीसरी संतान होने का दावा पूरी तरह तथ्यहीन है. उन्होंने अपने पक्ष में आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर नामांकन सही पाया गया.
सुधीर चौधरी ने आरोप लगाया कि यह शिकायत राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर की गई थी. उनका कहना है कि वार्ड में बढ़ते जनसमर्थन से घबराकर चुनावी प्रतिद्वंद्वियों ने उन्हें प्रक्रिया से बाहर करने का प्रयास किया.
उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्व में वार्ड 30 से पार्षद रह चुके हैं और उनकी पत्नी भी दो बार पार्षद चुनी जा चुकी हैं. यदि आरोपों में सच्चाई होती तो पूर्व के चुनावों में यह मुद्दा सामने आता. नामांकन स्वीकृत होने के बाद समर्थकों में खुशी देखी गई. सुधीर चौधरी ने कहा कि वे पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में हैं और वार्ड के समग्र विकास के लिए जनता का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेंगे.

