आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड संख्या 29 से पार्षद पद के लिए संभावित उम्मीदवार अर्चना सिंह के समर्थन में क्षेत्र की जनता गोलबंद होने लगी है. दिवंगत भाजपा नेत्री और तीन बार रिकॉर्ड मतों से पार्षद चुनी गईं राजमणि देवी की पुत्रवधु अर्चना सिंह को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है. उधर अर्चना सिंह भी अपने परिवार के साथ क्षेत्र में लोगों से मिलकर समर्थन जुटाने में जुट गई है.

मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव तिथियों की घोषणा के साथ ही वार्ड 29 में चुनावी माहौल गरमा गया है. हालांकि अब तक इस वार्ड से अबतक किसी अन्य प्रत्याशी ने खुलकर दावेदारी पेश नहीं की है. पिछले दिनों अर्चना सिंह के पति मनमोहन सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर दी थी. इससे उन अटकलों पर विराम लग गया, जिनमें यह सवाल उठ रहा था कि दिवंगत पार्षद की विरासत को आगे कौन बढ़ाएगा. वार्ड 29 महिला आरक्षण रोस्टर के तहत आरक्षित होने के कारण मनमोहन सिंह स्वयं चुनाव नहीं लड़ सके और उन्होंने अपनी पत्नी को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया.
अर्चना सिंह के चुनावी मैदान में उतरते ही क्षेत्रीय सियासत में तेजी से हलचल देखी जा रही है. स्थानीय लोग खुलकर उनके समर्थन में सामने आने लगे हैं. इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी उन्हें समर्थन देने की घोषणा करते हुए वार्ड 29 से अपना प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है.
गौरतलब है कि दिवंगत राजमणि देवी सरायकेला- खरसावां जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी थीं. उन्हें दलगत सीमाओं से परे व्यापक सम्मान प्राप्त था. यही कारण रहा कि भाजपा से जुड़ी होने के बावजूद उन्हें विभिन्न दलों और वर्गों का समर्थन मिलता रहा.
आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने भी दिवंगत पार्षद के परिवार को अपना नैतिक समर्थन दिया है. पुरेंद्र नारायण सिंह राष्ट्रीय जनता दल से जुड़े हैं. वार्ड 29 में आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

