आदित्यपुर: नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 17 से निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने एक बार फिर जीत दर्ज कर अपनी सीट बरकरार रखी है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमित रंजन उर्फ शानू सिंह को करीब 197 मतों के अंतर से पराजित किया. मतगणना पूरी होने के बाद वार्ड 17 में समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया.

दोबारा जीत दर्ज करने के बाद नीतू शर्मा ने इस सफलता का श्रेय वार्ड की जनता को दिया. उन्होंने कहा कि वार्ड 17 में जो भी विकास कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा. चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को हर हाल में निभाने का प्रयास होगा. उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ उन्हें पुनः अवसर दिया है, उस विश्वास को कायम रखना उनकी पहली जिम्मेदारी है.

वहीं पराजित प्रत्याशी के समर्थकों में भी शांति का माहौल रहा. नगर निगम के अन्य वार्डों के परिणाम भी क्रमशः घोषित किए जा रहे हैं. प्रशासन की ओर से सभी प्रत्याशियों और समर्थकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है.

