आदित्यपुर: 23 फरवरी को संपन्न निकाय चुनाव के दौरान वार्ड 17 के बूथ संख्या 124 पर हुई घटना को लेकर झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है. उन्होंने जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. डॉ. महतो ने कहा कि यदि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में दोषियों पर मामला दर्ज नहीं किया गया तो प्रशासन की भूमिका संदिग्ध मानी जाएगी.

उन्होंने डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी से सवाल किया कि आखिर किस अनुमति से पार्षद प्रत्याशी अमित सिंह उर्फ बॉबी सिंह अपने 70- 80 समर्थकों के साथ मतदान स्थल में प्रवेश किए और हंगामा हुआ. क्या इसके लिए पिठासीन पदाधिकारी अथवा निर्वाचन आयोग से अनुमति ली गई थी.
इसे भी पढ़िए और जानिए क्या है पूरा मामला 👇
https://indianewsviral.co.in/adityapur-ward-17-polling-controversy/
उन्होंने यह भी पूछा कि समाचार संकलन कर रहे पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की क्यों की गई. क्या कोई ऐसा प्रमाण था जिससे लगे कि पत्रकार मतदान प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे थे. यदि पत्रकार ने कथित रूप से बीएलओ की भूमिका पर सवाल नहीं उठाया होता तो क्या निष्पक्ष मतदान संभव हो पाता.
डॉ. महतो ने बूथ संख्या 124 पर बीएलओ की प्रतिनियुक्ति को भी गंभीर विषय बताया. उन्होंने प्रश्न उठाया कि वार्ड का निवासी और नगर निगम का संविदा कर्मी, जो प्रत्याशी अमित सिंह के डिप्टी मेयर कार्यकाल में भी कार्यरत रहा, उसे बीएलओ क्यों बनाया गया. शिकायत के बाद हटाए जाने पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची साथ ले जाने से करीब डेढ़ घंटे तक मतदान प्रभावित रहा, जिससे मतदाता परेशान हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची आने तक साजिशन हंगामा शुरू कराया गया. क्या इस दौरान मतदाताओं में भय और असुरक्षा का माहौल नहीं बना.
देखिए पूरी खबर 👇
क्या यह पूरा प्रकरण आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है. झामुमो जिलाध्यक्ष ने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो. यदि पत्रकार द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप है तो उस समय मौजूद पिठासीन अधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाए. साथ ही यह स्पष्ट किया जाए कि घटना के समय मतदान केंद्र के अंदर कितने पत्रकार मौजूद थे और कथित रूप से जिनके साथ दुर्व्यवहार हुआ, वे मतदान स्थल से कितनी दूरी पर थे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सरकार से इसकी शिकायत की जाएगी.
बाईट
डॉ. शुभेंदु महतो (झामुमो जिलाध्यक्ष)

