आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम में जहां एक ओर पार्षद डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर जोड़- घटाव और लॉबिंग में जुटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर वार्ड 17 से चुनी गई पार्षद नीतू शर्मा लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं से रूबरू हो रही हैं और उनके समाधान का प्रयास कर रही हैं.


सोमवार को होने वाले डिप्टी मेयर चुनाव से एक दिन पूर्व रविवार को वार्ड 17 के हरिओम नगर रोड नंबर पांच स्थित हेवन रिवर व्यू सोसायटी में पार्षद नीतू शर्मा के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. इस दौरान लोगों ने नीतू शर्मा को दोबारा पार्षद चुने जाने पर पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा जीत की शुभकामनाएं दीं.
अपने संबोधन में नीतू शर्मा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्हें वार्ड 17 की जनता का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि उनकी अंतिम इच्छा यही है कि वार्ड 17 की जनता की सेवा करते-करते ही उनके प्राण निकल जाएं. उन्होंने कहा कि वार्ड 17 की जनता ने उन्हें जो सम्मान और भरोसा दिया है, उसके लिए वह जीवन भर ऋणी रहेंगी. साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे हर छोटी-बड़ी समस्या से उन्हें अवगत कराएं ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके.
नीतू शर्मा ने कहा कि वह नेता बनकर नहीं बल्कि बेटी, बहन और बहू बनकर क्षेत्र की जनता की सेवा करना चाहती हैं. जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे हर हाल में पूरी ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा.

