आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए मंगलवार को जरूरतमंदों में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया. यह कार्यक्रम वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के पीछे सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ.

कार्यक्रम के दौरान 60 वर्ष से अधिक आयु के जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए गए. नगर निगम द्वारा कुल 65 कंबल वितरित किए गए. कंबल वितरण से पूर्व लाभार्थियों की पहचान आधार कार्ड और राशन कार्ड के माध्यम से की गई, ताकि केवल पात्र व्यक्तियों को ही कंबल दिया जा सके. इस अवसर पर पूर्व पार्षद नीतू शर्मा भी मौजूद रहीं.
कंबल वितरण के दौरान पार्षद द्वारा उपलब्ध कराए गए नामों और नगर निगम द्वारा मौके पर की गई पहचान के आधार पर जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए. जानकारी दी गई कि नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में 70 कंबल वितरित किए जाने का कार्यक्रम चल रहा है. कंबल मिलने से लाभार्थियों में खुशी देखी गई. लाभार्थियों ने पूर्व पार्षद नीतू शर्मा और नगर निगम के इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया.

