गम्हरिया/ Rasbihari Mandal आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 से पार्षद प्रत्याशी राजरानी महतो ने मंगलवार को समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया. यह उनका चौथा चुनाव है. इससे पहले वे लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुकी हैं.

नामांकन के दौरान वार्ड 16 में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला. ढोल- नगाड़ों और नारों के साथ जुलूस निकाला गया. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष समर्थक उनके साथ मौजूद रहे.
राजरानी महतो ने कहा कि वार्ड की जनता ने हमेशा उन पर विश्वास जताया है. उन्होंने दावा किया कि अपने कार्यकाल में सड़क, नाली, साफ- सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम किया है. आगे भी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी.
उन्होंने वार्डवासियों से पुनः समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी. नामांकन के साथ ही वार्ड 16 में चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है.

