आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड 15 से पार्षद पद के प्रत्याशी एवं पूर्व वायु सैनिक कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव पूरी ताकत के साथ डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं. वे सुबह से लेकर देर शाम तक घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं.

शुक्रवार को प्रचार अभियान के तहत उन्होंने दिंदली बस्ती, त्रिपुरारी कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, निर्मल नगर और पंचवटी कॉलोनी में सैकड़ों समर्थकों के साथ दौरा किया और लोगों से समर्थन की अपील की. उनके लगातार जनसंपर्क अभियान से वार्ड का चुनावी समीकरण तेजी से बदलता दिख रहा है और मतदाता भी पूरे उत्साह के साथ दिलचस्पी ले रहे हैं.
कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की अपेक्षा जताई. कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव ने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें मौका मिला तो वार्ड के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा.

हालांकि मुकाबला एकतरफा नहीं है. निवर्तमान पार्षद नथुनी सिंह भी चुनावी मैदान में मजबूती से डटे हुए हैं और दोनों के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. इसके बावजूद कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ प्रचार में सक्रिय हैं.
अपने अभियान के दौरान वे लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि उन्होंने सैनिक बनकर देश की सेवा की है और अब सेवक बनकर जनता की सेवा करना चाहते हैं. उनका नारा, “सैनिक बनकर देश की सेवा किया, सेवक बनकर अब जनता की सेवा करना है.”, मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

