आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड 15 में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है. पार्षद पद के प्रत्याशी पूर्व वायु सैनिक कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव पूरी ताकत के साथ डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं. वे सुबह से लेकर देर शाम तक घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं.

चुनावी मैदान में उन्हें क्षेत्र की जनता का सकारात्मक समर्थन मिलता दिख रहा है. कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत कर समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की अपेक्षा जताई. कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव ने लोगों को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें मौका मिला तो वार्ड के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.
हालांकि मुकाबला एकतरफा नहीं है. निवर्तमान पार्षद नथुनी सिंह भी मैदान में मजबूती से डटे हुए हैं और दोनों के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. इसके बावजूद कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं. अपने अभियान के दौरान वे लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि उन्होंने सैनिक बनकर देश की सेवा की है और अब सेवक बनकर जनता की सेवा करना चाहते हैं. उनका नारा, “सैनिक बनकर देश की सेवा किया, सेवक बनकर अब जनता की सेवा करना है.”, मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
वार्ड 15 में चुनावी सरगर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और अब सबकी निगाहें मतदान के दिन पर टिकी हैं.

