गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 से पार्षद पद के लिए राजेंद्र गोप ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में पूरे उत्साह और समर्थकों के जोश के साथ नामांकन पर्चा दाखिल किया. नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे वार्ड को एक आदर्श और विकसित वार्ड बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं.

राजेंद्र गोप ने कहा कि वार्ड के कई हिस्सों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि सालडीह बस्ती में पेयजल की व्यवस्था कराई गई है, वहीं चंपई सोरेन की पहल से सड़क निर्माण का कार्य संपन्न हुआ है. इसके अलावा ईएसआईसी अस्पताल के पास भी सड़क निर्माण कराकर लोगों को आवागमन में सुविधा दिलाई गई है.
उन्होंने कहा कि अब जरूरत है इन विकास कार्यों को और गति देने की, ताकि हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल सकें. राजेंद्र गोप ने भरोसा जताया कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे समाजसेवा की भावना से कार्य करते हुए वार्ड के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देंगे.
नामांकन के दौरान मोहित गोप, विश्वजीत गोप, विशाल मुर्मू, मालखान भागवत, अमित आशीष कश्यप सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और सकारात्मक बना रहा.

