सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो गई है. इसी क्रम में आज निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा मेयर पद के सभी वैध प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया गया. चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही प्रत्याशी अब अपने- अपने क्षेत्रों में प्रचार अभियान को और गति देंगे.

निर्वाचन कार्यालय में निर्धारित समय के अनुसार प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई. प्रशासन की ओर से पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं. कई प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे और चुनाव चिन्ह प्राप्त करने के बाद उत्साह व्यक्त किया.
चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब प्रत्याशी घर- घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में सक्रिय हो गए हैं. नगर निगम क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है और विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान शुरू होने लगे हैं.
निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा. किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव में सहयोग करने की अपील की है.
*मेयर पद के प्रत्याशी एवं आवंटित चुनाव चिन्ह इस प्रकार हैं*
बारी सोरेन- एसी, बास्को बेसरा- छड़ी, बिनोती हांसदा- चूड़ी, भुगलू सोरेन- टॉर्च, रविंद्र बेसरा- बेंच, रमेश बुलमूचू – बिस्किट, सकला माडी- बक्सा, सावित्री लेआंगी- ईंट, संजय सरदार- बाल्टी.

