आदित्यपुर: स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला के नौवें दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर पुलवामा अटैक के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई.

प्रधान कंस्ट्रक्शन गम्हरिया के प्रायोजन में आयोजित कार्यक्रम में 157 सीआरपीएफ बटालियन के डिप्टी कमांडेंट मोहनीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके साथ प्रधान कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि सुमन मुखर्जी, राहुल मालाकार, बैकुंठ कैवर्त, सुधा डेयरी के सीईओ दिनेश कुमार, पूर्व सैनिक अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह एवं अधिवक्ता विष्णु गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.
मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट मोहनीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता से बचने के लिए हमें स्वदेशी उत्पादों को अपनाना पड़ेगा. इससे न केवल देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि भारत आत्मनिर्भर भी बनेगा. उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का अर्थ अपने देश की संस्कृति, परंपराओं और उद्योगों को सम्मान देना है.
इस अवसर पर कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में द वारियर्स ऑफ कोल्हान के अध्यक्ष शर्देंदु शेखर, शिक्षाविद संध्या प्रधान, अमित सिंहदेव, प्रकाश कुमार, मंजू ठाकुर, रेखा श्रीवास्तव, रश्मि साहू, सुनीता मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

