आदित्यपुर: सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) SUCI(C) द्वारा देशभर में आयोजित विरोध सप्ताह के तहत आज आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक पर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम मतदाता सूची में गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाताओं के अधिकार छीने जाने के विरोध में आयोजित किया गया.

सभा को झारखंड राज्य कमेटी सदस्य कामरेड लिली दास के नेतृत्व में विष्णु देव गिरी, विशाल वर्मन, अमन सिंह और पूर्व पार्षद मालती देवी ने संबोधित किया. वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में हेरफेर और धांधली के जरिए लाखों लोगों के मताधिकार को खत्म करने की साज़िश की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है. उन्होंने चुनाव आयोग से इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने और निष्पक्ष, स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की.
सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद थे. प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाते हुए कहा कि जनता का वोट का अधिकार छीना नहीं जा सकता और यदि ऐसा हुआ तो देशभर में और भी बड़े आंदोलन खड़े किए जाएंगे.
ज्ञात हो कि SUCI (कम्युनिस्ट) ने 25 से 31 अगस्त तक देशव्यापी विरोध सप्ताह मनाने की घोषणा की है. इस दौरान विभिन्न जिलों और प्रखंडों में रैलियां, नुक्कड़ सभाएं और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे ताकि लोगों को अपने मताधिकार की रक्षा के लिए जागरूक किया जा सके. कार्यक्रम में मौसमी मित्रा, रूपा सरकार, राजू कुमार, गौतम महतो, संतोष कुमार, देवा मुखी, दीपक दास, सोनल, आलोक, मदन सिंह, शिवानी तांती, बिपिन मंडल आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
