आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के समाप्त होने के करीब दस दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन प्रशासन ने आदित्यपुर थाना रोड पर गरीब और छोटे व्यवसायियों को दुकानों के लिए अनुमति नहीं दी है. इस कारण स्थानीय दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि झारखंड का बड़ा पर्व टुसू जल्द ही शुरू होने वाला है और इसके लिए उन्होंने लगभग एक माह पूर्व ही आवश्यक सामान की बुकिंग कर ली थी. दुकानों पर रोक के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. आदित्यपुर थाना रोड पर दूर- दराज के गांवों से गरीब सब्जी विक्रेता रोज़गार के लिए सब्जियां लेकर आते हैं. यदि उन्हें बिक्री की अनुमति नहीं दी गई, तो पर्व के दौरान वे अपने बच्चों के लिए नए कपड़े और मिठाइयां तक नहीं खरीद पाएंगे.
दुकानदारों ने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि महामाया होटल से पेट्रोल पंप तक सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने की अनुमति दी जा रही है, लेकिन पेट्रोल पंप से आदित्यपुर थाना तक दुकानों को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. उनका सवाल है कि यदि दुकान लगनी है तो सभी को अनुमति दी जाए, अन्यथा सभी दुकानों को हटाया जाए. रोज़ाना दुकानदार दुकान खोलने की उम्मीद में आते हैं, लेकिन निराश होकर लौट जाते हैं. कई ऐसे दुकानदार हैं जो पिछले 20- 25 वर्षों से इसी स्थान पर अपने परिवार का भरण- पोषण कर रहे हैं. दुकान बंद रहने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि टुसू पर्व को ध्यान में रखते हुए कम से कम अस्थायी रूप से दुकानों को लगाने की अनुमति दी जाए, या फिर उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि गरीब और छोटे व्यवसायी अपने परिवार का पालन- पोषण कर सकें.

