आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आदित्यपुर स्टेशन पर यात्रियों की लगातार बढ़ती समस्या को देखते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण मांग की थी. उन्होंने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को पत्र लिखकर टाटानगर–दानापुर एक्सप्रेस (18183) और टाटानगर–थावे एक्सप्रेस (18181) का आदित्यपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करवाने का आग्रह किया था.

मनोज पासवान ने कहा कि सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में बिहार के कई जिलों के लोग रहते हैं और यात्रा के दौरान इन ट्रेनों का ठहराव न होने से उन्हें भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार रेलवे विभाग को आवेदन दिया, लेकिन अभी तक कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं हो सकी.
इस संदर्भ में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है. पत्र में अनुरोध किया गया है कि आदित्यपुर स्टेशन पर इन दोनों ट्रेनों का ठहराव कराया जाए, ताकि यात्रियों को सहूलियत मिल सके. उन्होंने कहा कि यह मांग आदित्यपुर की जनता का जनहित कार्य है और यदि इसे मान्यता दी गई तो यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. रेल मंत्रालय से उम्मीद जताई जा रही है कि वे इस मुद्दे पर नियमानुसार विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करेंगे.

