आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक संरक्षक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की याद में सोमवार को झामुमो सरायकेला- खरसावां जिला कमेटी की ओर से एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो की अध्यक्षता में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में संपन्न हुआ.


सभा में सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, एवं जिला से लेकर पंचायत स्तर तक के पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की. झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड की आत्मा थे. उन्होंने गांव- गांव में जाकर शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई. राज्य के निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. जिला सचिव बैधनाथ टुडू ने उनके संघर्ष, विचारधारा और समाज के प्रति निष्ठा को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा. वहीं सरायकेला विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे गणेश महाली ने कहा कि गुरुजी हमारे बीच नहीं रहे पर झारखंड राज्य बनने में उन्होंने काफी संघर्ष किया. उन्होंने छोटे से झारखंड मुक्ति मोर्चा को स्थापित कर बड़े पार्टी के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई. गुरुजी का व्यवहार काफी लोगों को प्रिय था. आज हमारे बीच गुरुजी नहीं रहे. मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को असीम पीड़ा सहने की शक्ति मिले. सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

इस अवसर पर केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, गुरुचरण मुखी, बिशु हेम्ब्रम,अमृत महतो, संगठन सचिव धर्मु गोप, भोला मोहंती, शकुंतला माहली, जिला उपाध्यक्ष नितेश वर्मा, भोगलू उर्फ डब्बा सोरेन (युवा मोर्चा अध्यक्ष), सुशिला तांती (महिला मोर्चा), सुदामा हेम्ब्रम (छात्र मोर्चा), जन्नत हुसैन, रविंद्र बास्के, निरंजन महतो, राजेश लाहा, लालबाबू सरदार, सन्नी सिंह समेत नगर एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, महिला- पुरुष कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और शिबू सोरेन के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया.

