आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सामाजिक संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने एक बार फिर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. मंगलवार को मंडली पुत्र स्वर्गीय अंकित सरकार की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप मंडली के पांच रक्तवीरों ने SDP (सिंगल डोनर प्लेटलेट) डोनेशन किया.

डोनेशन करने वालों में अंकित के पिता बिस्वजीत सरकार भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने 8 साल के पुत्र को खोने के बाद भी मानव सेवा का संकल्प लिया. ज्ञात हो कि पिछले वर्ष आज ही के दिन आदित्यपुर रोड नंबर 03 स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में खेलने के दौरान करेंट लगने से अंकित की मृत्यु हो गई थी. परिजन आज तक उसके मौत के गुनहगार को चिन्हित नहीं कर सके हैं.
रक्तवीरों में बिस्वजीत सरकार (पिता), बिस्वजीत प्रामाणिक (50वां डोनेशन पूर्ण), मंटू सिंह मोदक, मनीष मुखर्जी एवं आयुष्मान गर्ग शामिल रहे. मंडली के सदस्यों ने कहा कि वे हर समय मानव सेवा के जरिए अपने मंडली पुत्र अंकित की यादों को जीवित रखने का प्रयास करते रहेंगे.

