आदित्यपुर/ Bipin Varshney न्यू फ्रेंडशिप क्लब एवं भोला अखाड़ा द्वारा आयोजित सरस्वती पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चम्पाई सोरेन के पुत्र बबलू नाथ सोरेन ने विधिवत फीता काटकर किया. उद्घाटन से पूर्व अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया.

उद्घाटन के बाद बबलू नाथ सोरेन ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा- अर्चना कर क्षेत्र की सुख- समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. उन्होंने कहा कि मां सरस्वती ज्ञान, विद्या और संस्कार की देवी हैं और ऐसे धार्मिक- सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. युवाओं को शिक्षा और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.

कार्यक्रम के दौरान चंचल गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और जयकारों से वातावरण गूंज उठा. इस अवसर पर बप्पा पात्रो, पंकज सिंह, सुभाष करवा, सीटू सोरेन सहित पूजा समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्सव और श्रद्धा का माहौल बना रहा.

