आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai भाटिया बस्ती स्थित संस्कार प्ले स्कूल का सातवां वार्षिकोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई. मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

स्कूल परिसर रंग-बिरंगी सजावट से सजा हुआ था. वातावरण उल्लास और उमंग से भरपूर था. विशिष्ट अतिथि के रूप में रामचंद्र पासवान, शिक्षाविद प्रमोद कुमार सिंह, पूर्व पार्षद एन सिंह, पीडी सिंह, अजय पांडे, एमएम सिंह, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, अधिवक्ता संजय कुमार, प्रमोद गुप्ता और अन्य समाजसेवी एवं अभिभावक उपस्थित थे.

बच्चों ने पारंपरिक अंदाज़ में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया. इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत हुई. नन्हे बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता पाठ और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बच्चों की मासूम अदाओं और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया. मुख्य अतिथि पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि प्ले स्कूल प्रारंभिक बचपन की शिक्षा का पहला मजबूत कदम होता है. उन्होंने कहा कि खेल-आधारित शिक्षा से बच्चों में अनुशासन, शिष्टाचार और सामाजिकता का विकास होता है. संस्कार प्ले स्कूल जैसे संस्थानों की वजह से अब आसपास के क्षेत्रों के अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ता. उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना अत्यंत सराहनीय कार्य है. स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य सिर्फ शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और नैतिकता भी विकसित करना है. कार्यक्रम के अंत में बच्चों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. अभिभावकों ने अपने बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की. इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका उर्वशी मेहता, मुनमुन देवी, कुमकुम, सुबीर कुमार, टिंकू सिंह, लखन महतो, अंजना सिंह और सविता देवी सहित स्कूल की पूरी टीम मौजूद रही.

