आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा- कांड्रा मार्ग पर सोमवार देर रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें करीब चार से पांच लोग घायल हो गए. सभी को मामूली चोटें आई हैं.

पहली घटना घोड़ा बाबा मंदिर के समीप रात करीब दस बजे हुई, जहां एक कार और सर्विस बस की आमने- सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद सड़क पर अफरा- तफरी मच गई और दोनों वाहनों के चालक व सवार आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को हालात काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. इस घटना में चार से पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि इस संबंध में किसी तरह का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इसी बीच दूसरी घटना डीवीसी मोड़ के समीप रात करीब 11 बजे घटी. मंगलम सिटी निवासी शशांक वर्मा अपनी कार संख्या JH 22H-1640 से सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गए. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि शशांक वर्मा बाल- बाल बच गए. बताया गया है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस इस मामले की भी जांच में जुटी है.

