आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आरआईटी थाना अंतर्गत बाबा आश्रम रोड नंबर एस/5 में रहने वाला 18 वर्षीय इंटर का छात्र पुष्पम राज मिश्रा बीते 29 सितंबर 2025 से रहस्यमय तरीके से लापता है. पुष्पम राज, निरंजन मिश्रा का इकलौता पुत्र है और फिलहाल अपने माता- पिता के साथ आदित्यपुर-2 में रहता था. उसका स्थायी पता बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के पढ़वारा गांव है.

परिजनों के अनुसार, 29 सितंबर की शाम वह घर से निकला था और उसके बाद से अब तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और दोस्तों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. आखिरकार थक- हार कर उन्होंने RIT थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई पता नहीं चल पाया है. इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है. माता- पिता का रो- रोकर बुरा हाल है. इकलौते बेटे के लापता होने से घर में सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुष्पम राज मिश्रा इंटरमीडिएट का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जा रहा है. परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को पुष्पम राज मिश्रा के बारे में कोई जानकारी मिले तो कृपया नीचे दिए गए नंबरों — 8757753874 या 6201026125 — पर संपर्क करें.
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से अपील की है कि इस मामले में विशेष टीम बनाकर छात्र की तलाश तेज की जाए. परिजनों को अब भी उम्मीद है कि उनका बेटा सुरक्षित लौट आएगा.

