सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. इस संबंध में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी.

जानकारी के अनुसार आदित्यपुर थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 3 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था. घटना 2 मार्च 2026 की है, जब प्राथमिकी अभियुक्त शुभम सरकार और राज लोहार ने राजवीर सिंह उर्फ लालू (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता जिती सिंह, निवासी मांझी टोला सिरिस भट्ठा, थाना आदित्यपुर तथा उसके साथी आशीष दीप पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी थी. इस दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह उर्फ लालू को गोली लग गई थी. घायल को इलाज के लिए तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में सामने आया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश कारण थी. पुलिस के अनुसार शुभम सरकार के पिता पिछले तीन वर्षों से मानगो थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं. इसी दौरान उसकी मां का आकाश दीप नामक व्यक्ति से संबंध हो गया और वह उसे लेकर गुजरात चला गया था. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस ने आरोपियों के पास से टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05EC-1079), दो ओप्पो कंपनी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन, देशी पिस्टल की 16 जिंदा गोलियां और देशी कट्टा की 4 जिंदा गोलियां बरामद की हैं.
इस छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सर्वैया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सहायक अवर निरीक्षक राजेंद्र कुमार, विनोद टुडू, रमण कुमार विश्वकर्मा, अमीश कुमार, महेश उरांव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

