आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना पुलिस ने बीते 21 दिसंबर को विद्युत नगर जेएमटी-2 इलाके में झाड़ी से मिले अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. प्राथमिक जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति की निर्मम हत्या धारदार हथियार से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर की गई थी. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झाड़ी में फेंक दिया गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त मुख्य आरोपी राजा पाल को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी राजा पाल, उम्र करीब 33 वर्ष, वर्तमान में बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग टेकरी, गांधी मैदान के पास का निवासी बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता रायपुर जिला, छत्तीसगढ़ का है.
पुलिस ने इस कांड में एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया है. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सीएनजी टेंपो, धारदार चाकू और मृतक का एक जोड़ा चप्पल बरामद कर जब्त किया है. पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है.
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.

