सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पड़ोसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, लेकिन पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. गम्हरिया निवासी दीपक सिंह ने आरोप लगाया है कि उन पर तलवार से हमला किया गया और उनकी पत्नी व मां के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, बावजूद इसके आदित्यपुर थाना पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.

पीड़ित के अनुसार घटना 8 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे की है. उस समय उनकी पत्नी प्रियंका देवी, मां मुन्नी देवी घर के बाहर बैठे हुए थे. इसी दौरान सोनी देवी का पति छोटू सिंह वहां पहुंचा और कथित रूप से तलवार से हमला कर दिया. बताया गया कि जब दीपक सिंह की मां मुन्नी देवी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और तलवार को रोकना चाहा, तो उनके हाथ में गंभीर चोट लग गई. इसके बाद आरोप है कि छोटू सिंह ने अपने बच्चों आर्यन और आकांक्षा के साथ मिलकर दीपक सिंह की पत्नी और मां के साथ जमकर मारपीट की, जिससे दोनों महिलाएं घायल हो गईं.
दीपक सिंह का कहना है कि घटना के दिन ही उन्होंने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई. पीड़ित ने मजबूर होकर पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि घटना का एक वीडियो भी पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपियों द्वारा उनके परिवार के साथ मारपीट की जा रही है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि जब घटना का वीडियो सामने है और पीड़ित ने लिखित शिकायत भी दी है, तो आखिर आदित्यपुर थाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से क्यों बच रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस अधीक्षक इस पूरे मामले में क्या कदम उठाते हैं और आदित्यपुर थाना पुलिस की भूमिका की जांच होती है या नहीं.
देखिए viral video

