आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना पुलिस ने जान से मारने की नीयत से हुए हमले के मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि वादी विश्वजीत महतो, पिता वरुण चंद्र महतो, निवासी दिन्दली बस्ती, नियर शिव मंदिर, आदित्यपुर ने आवेदन देकर जान से मारने की नीयत से किए गए हमले की शिकायत दर्ज कराई थी.

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजीव गोराई उर्फ राजू गोराई, अनिश दीप, पवन उरांव, विकास सिंह, नवीन कुमार सिंह और अभिषेक कुमार को पकड़ लिया. सभी आरोपी आदित्यपुर और आरआईटी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार, इन सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. थाना प्रभारी का कहना है कि इस तरह की आपराधिक वारदातों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

