आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने मंगलवार को नगर निगम के प्रशासक को एक मांग पत्र सौंपते हुए अविलंब जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की.

सौंपे गए मांग पत्र के माध्यम से श्रीमती शर्मा ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान पारित किए गए सड़कों एवं नालियों को निगम प्रशासन द्वारा पूरा नहीं किया गया है जिस वजह से क्षेत्र के लोगों को बारिश के मौसम में घोर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कोपभाजन उन्हें बनना पड़ रहा है, जबकि कई बार नगर निगम को पत्राचार कर मामले से अवगत कराया गया है. बावजूद इसके निगम प्रशासन द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को अनदेखी कर दिया गया जिससे आज स्थिति बेहद ही भयावह हो चुकी है. जल जमाव के कारण हरिओम नगर रोड नंबर 5b से होते हुए बैंक कॉलोनी तक, हरिओम नगर रोड नम्बर 4- 3 एवं संजीवनी हॉस्पिटल मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद ही खराब हो चुकी है. हर दिन सैकड़ो लोगों का आवागमन इस मार्ग से होता है. यह मार्ग दो- दो वार्डो को जोड़ता है मगर नगर निगम की बेरुखी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

