आदित्यपुर: मेन रोड स्थित पटेल चौक पर पटेल विचार मंच, आदित्यपुर द्वारा भारत के स्वतंत्रता सेनानी एवं देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओमप्रकाश ने की, जबकि संचालन नित्यानंद जी ने किया.

इस अवसर पर सिंहभूम- कोल्हान के पूर्व आयुक्त मोहनलाल राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. विशिष्ट अतिथि के रूप में जामताड़ा के पूर्व उपायुक्त गणेश कुमार एवं पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के पूर्व उप विकास आयुक्त डॉ. मोहनलाल महतो शामिल हुए.
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश राजद की उपाध्यक्ष शारदा देवी, कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजय सिंह, सरायकेला- खरसावां जिला कांग्रेस अध्यक्ष राज बागची, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश धारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार श्रीवास्तव, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र नाथ चौबे और पूर्व पार्षद नीतू शर्मा भी मौजूद रहे.
सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर मिठाइयां वितरित की गईं और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया.
मुख्य अतिथि मोहनलाल राय ने अपने संबोधन में कहा कि देशवासियों को सदैव एकजुट रहकर सरदार पटेल के सपनों के भारत को साकार करने का प्रयास करना चाहिए. उन्होंने एकता और समर्पण की भावना को राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा आधार बताया.
कार्यक्रम को गणेश कुमार, शारदा देवी, रविंद्र नाथ चौबे, पुरेंद्र नारायण सिंह, अजय सिंह, राज बागची, सुरेश धारी और नीतू शर्मा ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने अखंड भारत के लिए हर संभव बलिदान देने का संकल्प दोहराया.
इस मौके पर अरुण कुमार, जे.के. सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुनील कुमार न्यूटन, जवाहरलाल सिंह, जोगिंदर प्रसाद, प्रो. ए.के. सिंह, जे.पी. सिंह, मदन सिंह, मनोज झा, मदेश्वर सिंह, विश्व मोहन सिंह, उपेंद्र सिंह, वकील सिंह, सुरेश प्रसाद और कुमार अरविंद अभिजीत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के अंत में पटेल विचार मंच आदित्यपुर के संयोजक सुनील कुमार न्यूटन ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लौह पुरुष सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की. साथ ही भारत की पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर भी श्रद्धांजलि दी गई.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
