गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 7 में सियासी तापमान बढ़ गया है. वार्ड 7 से प्रत्याशी परितोष बेज ने सोमवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ जिला समाहरणालय पहुंचकर पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया. नामांकन के दौरान समर्थकों का उत्साह और जोश साफ नजर आया.

इस मौके पर गणेश चौधरी, सबूज चौधरी, मनोज नायक, विकास मुखर्जी, अनुराग चौधरी, डॉ. निर्मल पाल, विष्णु मोरेल, यादव सेन, कृष्णा दास, मास नायक, राजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे. समर्थकों ने नारेबाजी कर एकजुटता का संदेश दिया.
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में परितोष बेज ने कहा कि उनका चुनाव लड़ने का उद्देश्य वार्ड 7 की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना है. उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, स्वच्छ पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ- सफाई और जलनिकासी जैसी समस्याएं लंबे समय से उपेक्षित हैं. युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना भी उनकी प्राथमिकता होगी.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता ने अवसर दिया तो पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली के साथ विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. नामांकन के साथ ही वार्ड 7 में मुकाबला रोचक होता दिख रहा है और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.

