सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने मंगलवार को वार्ड संख्या 30 से पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया. वहीं उनके छोटे भाई की पत्नी अस्मिता कुमारी ने वार्ड 32 से नामांकन दाखिल किया.


नामांकन के बाद पुरेन्द्र ने संकेत दिया कि महापौर पद आरक्षित होने के बाद क्षेत्र की जनता उन्हें उप महापौर पद पर देखना चाहती है, इसी उद्देश्य से उन्होंने वार्ड 30 से चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया है. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि वार्ड 30 के रो हाउस, एलआईजी रो हाउस, एलआईजी फ्लैट और एमआईजी क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का अत्याधुनिक विकास कराया जाएगा. खेल मैदानों का विकास, सीवरेज, ड्रेनेज और वाटर सप्लाई स्कीम को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की बात उन्होंने कही.
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आदित्यपुर नगर निगम के सभी 35 वार्डों में उनकी टीम समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे. वार्ड 29 से स्वर्गीय राजमणि देवी की पुत्रवधू अर्चना कुमारी और वार्ड 5 से निवर्तमान पार्षद सिद्धनाथ सिंह की पत्नी संध्या देवी को समर्थन देने की घोषणा की गई है.
आपको बता दें कि पुरेन्द्र का पारंपरिक सीट वार्ड 32 है मगर रोस्टर के तहत उक्त वार्ड महिला आरक्षित होने के कारण पुरेन्द्र ने अपने छोटे भाई की पत्नी अस्मिता कुमारी को चुनावी मैदान में उतारा है. अस्मिता टाटा स्टील के अधिकारी पंकज कुमार सिंह की पत्नी और डॉ. प्रोफेसर दिगंबर नाथ झा की पुत्री हैं. नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि वार्ड 32 में पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह द्वारा कराए गए विकास कार्यों को और गति दी जाएगी. घर-घर नल योजना उनकी प्राथमिकता में शामिल है.
दोनों के नामांकन के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना जनादेश देती है.

