आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड 17 की बहुचर्चित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण कार्य में बाधा बन रहा बिजली का पोल आखिरकार सोमवार को हटा दिया गया. उपायुक्त के निर्देश के बाद बिजली विभाग ने आनन- फानन में कार्रवाई करते हुए सड़क के बीचों- बीच खड़े पोल को हटाया.

गौरतलब है कि इस पोल को लेकर निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने विभागीय स्तर पर कई बार पत्राचार किया था, लेकिन मामले को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा था. इसी बीच सड़क ढलाई का कार्य कर रहे संवेदक ने सड़क निर्माण के दौरान पोल को हटाए बिना ही उसके चारों ओर ढलाई कर दी, जिससे राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था.
स्थिति गंभीर होने पर पूर्व पार्षद ने इसकी जानकारी उपायुक्त को दी. बताया जाता है कि उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल पोल हटाने का निर्देश दिया. इसके बाद विभागीय टीम ने पहुंचकर पोल को हटा दिया.

विभाग को पूर्व पार्षद द्वारा लिखा गया आवेदन
उल्लेखनीय है कि इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने लंबी लड़ाई लड़ी थी. पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने इसे पिछले बोर्ड बैठक में पास कराया था, लेकिन तकनीकी कारणों से प्रस्ताव रद्द हो गया था. इसके बाद उन्होंने आंदोलन शुरू किया और आमरण अनशन पर बैठ गईं. प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप के बाद तकनीकी अड़चनें दूर हुईं और सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ. अब सड़क धरातल पर उतर चुकी है. बिजली का पोल अंतिम बड़ी बाधा के रूप में खड़ा था, जिसे भी हटा लिया गया है. पूर्व पार्षद ने इस कार्रवाई के लिए उपायुक्त और स्थानीय जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है.

