आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के कथित तानाशाही रवैये के खिलाफ वार्ड 17 की निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा और वार्ड 18 के निवर्तमान पार्षद शनिवार से आमरण अनशन पर बैठने जा रहे हैं. वहीं, करीब आधा दर्जन निवर्तमान पार्षदों ने भी नगर निगम के खिलाफ भूख हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. इसको लेकर सभी पार्षदों ने तैयारी पूरी कर ली है.

जानकारी के अनुसार, वार्ड 17 के चर्चित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण को लेकर पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने एक सप्ताह पूर्व ही आमरण अनशन की घोषणा की थी. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे वार्ड 18 के पूर्व पार्षद रंजन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की नाकामी के कारण निकाय चुनाव समय पर नहीं हो सका है. ऊपर से नगर निगम के अधिकारी तानाशाही रवैया अपनाए हुए हैं. न तो नियमित रूप से सफाई हो रही है, न ही पहले से स्वीकृत योजनाओं पर कोई काम किया जा रहा है. कई योजनाओं का केवल शिलान्यास कर छोड़ दिया गया है, जिससे जनता में आक्रोश है.
उन्होंने कहा कि छठ पर्व जैसे अवसरों पर भी सफाई की व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही. बारिश के दौरान क्षेत्र के लोगों को जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन निगम के अधिकारी उदासीन बने रहे. साफ-सफाई, सड़क निर्माण और विकास कार्यों में लूटखसोट का बोलबाला है, जबकि जनता से भारी- भरकम टैक्स वसूला जा रहा है.
वार्ड 17 की निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण को लेकर जनता ने लंबे समय से संघर्ष किया है. सड़क का शिलान्यास हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन कार्य शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा. इसमें वार्ड 2 के निवर्तमान पार्षद अभिजीत महतो, वार्ड 12 के निवर्तमान पार्षद विक्रम किस्कू, वार्ड 14 के निवर्तमान पार्षद बोरजो राम हांसदा, वार्ड 31 की पूर्व पार्षद रिंकू राय, वार्ड 3 की पूर्व पार्षद पिंकी चौधरी और वार्ड 5 के पूरे पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव ने भी अपने- अपने क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर नगर निगम के खिलाफ भूख हड़ताल पर जाने की घोषणा की है. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस आंदोलन का अंजाम क्या होता है.

