गम्हरिया: अंचल कार्यालय में गुरुवार को आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 10 से 18 तक के अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की गई. स्क्रुटनी के दौरान विभिन्न कारणों से 5 अभ्यर्थियों का नामांकन रद्द कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार इन 9 वार्डों में अंतिम दिन तक कुल 45 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था. जांच के क्रम में वार्ड 13 से मीरा कर्मकार, वार्ड 14 से अंजू देवी, सावित्री देवी एवं विद्युत लता दास तथा वार्ड 18 से अर्जुन लोहार का नामांकन रद्द कर दिया गया.
स्क्रुटनी के बाद वार्ड 14 से सुनीता बेरा एवं वार्ड 16 से राजरानी महतो एकमात्र प्रत्याशी बची हैं, जिससे उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है. शुक्रवार को नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह सीओ प्रवीण कुमार दोनों प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे.
पांच नामांकन रद्द होने और दो प्रत्याशियों के निर्विरोध होने के बाद अब 9 वार्डों में कुल 39 प्रत्याशी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं. नाम वापसी के बाद अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी.

