आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के जिला अध्यक्ष अनिल पासवान ने गुरुवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित घुनिया बस्ती में स्थानीय निवासियों के साथ बैठक की. बैठक में क्षेत्र की स्वच्छता और नगर निगम की लापरवाही को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई.

स्थानीय लोगों ने बताया कि बस्ती में नगर निगम द्वारा कचरे के डस्टबिन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. कचरा उठाने वाली गाड़ी नियमित रूप से नहीं आती. वहीं, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई भी नहीं होती, जिसके कारण बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियां फैल रही हैं.

लोगों ने कहा कि इस संबंध में कई बार नगर निगम को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.
लोजपा जिलाध्यक्ष अनिल पासवान ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे जल्द ही नगर निगम अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान के लिए पहल करेंगे. उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम ने समय पर कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी जन आक्रोश आंदोलन करने को बाध्य होगी.
बैठक के अंत में बस्ती के कई युवा लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हुए. अनिल पासवान ने सभी नए सदस्यों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया.

