आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम वार्ड-17 की बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण परियोजना को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जनता से किए अपने वायदे को पूरा करते हुए टाटा- कांड्रा सर्विस रोड से जय प्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक पीसीसी सड़क निर्माण का मार्ग साफ कर दिया है.

विदित हो कि इस सड़क को लेकर वर्षों से क्षेत्रवासियों की मांग लंबित थी और वन विभाग की स्वीकृति सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई थी. डीसी ने अपनी पहल पर सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए वन विभाग से एनओसी हासिल कर ली है. इसके साथ ही अधिनियम के अनुसार वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा निर्माण पूर्ण होने पर वन विभाग को सूचना देने जैसी शर्तों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है.
इससे पहले नगर निगम ने वन विभाग की शर्तों का उल्लंघन करते हुए सांसद के हाथों सड़क का शिलान्यास करा दिया था, जिसके बाद विभाग ने कार्य रोक दिया और मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया. इस घटना के कारण सांसद की किरकिरी भी हुई और सड़क निर्माण प्रक्रिया बाधित हो गई. परियोजना में देरी से नाराज निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 1 नवंबर को आमरण अनशन शुरू कर दिया. उनकी मांगों का समर्थन करते हुए करीब आधा दर्जन पार्षद भी अनशन पर बैठ गए. हालांकि उपायुक्त के आश्वासन के बाद कुछ ही घंटों में अनशन समाप्त हो गया.
अब जिला प्रशासन की सक्रियता से सड़क निर्माण की दिशा में नई उम्मीद जगी है. प्राप्त पत्र के अनुसार टाटा कांड्रा सर्विस रोड से लक्ष्य अपार्टमेंट तक 1.874 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी. पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने उपायुक्त के प्रयासों के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्रवासियों के संघर्ष की जीत बताया है. अब वार्ड-17 की जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बहुप्रतीक्षित सड़क पर चलना उन्हें कब तक नसीब होगा.

