आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड 17 से निवर्तमान पार्षद और चुनावी मैदान में एकमात्र महिला प्रत्याशी नीतू शर्मा का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है. उनके प्रचार का तरीका अन्य प्रत्याशियों की तुलना में अलग और अपेक्षाकृत सादगीपूर्ण माना जा रहा है, जो मतदाताओं को आकर्षित कर रहा है.

बिना तामझाम और लाव-लश्कर के पदयात्रा, डोर-टू-डोर कैंपेनिंग और अधिक से अधिक मतदाताओं तक सीधे पहुंचने की रणनीति उनके अभियान की पहचान बन चुकी है. सुबह के समय मॉर्निंग वॉकरों से मुलाकात, दिन में घर-घर संपर्क और शाम को महिला समर्थकों के साथ बैठक कर संवाद स्थापित करना उनके चुनाव प्रचार की नियमित शैली बन गई है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सीधा संवाद और व्यक्तिगत संपर्क का मॉडल वार्ड 17 जैसे शिक्षित और जागरूक मतदाता वाले क्षेत्र में प्रभावी साबित हो सकता है. विभिन्न वर्गों- महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पेशेवर समुदाय—के बीच उनकी सक्रिय मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है.
खास बात यह भी है कि वे अपने प्रचार के दौरान किसी अन्य प्रत्याशी की आलोचना से परहेज करती हैं और मतदाताओं से पिछले कार्यों के आधार पर समर्थन की अपील करती हैं. चुनाव जीतने के बाद नगर निगम की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने का भरोसा भी जता रही हैं.
स्थानीय स्तर पर मिल रहे फीडबैक के अनुसार, उनकी सादगी, संयमित भाषा और काम आधारित अपील उन्हें अन्य प्रत्याशियों से अलग पहचान दे रही है. चुनावी परिणाम चाहे जो हों, लेकिन वार्ड 17 में उनका यह अभियान शैलीगत रूप से एक अलग राजनीतिक संदेश जरूर दे रहा है.

