आदित्यपुर: नगर निगम में डिप्टी मेयर पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. हाल ही में संपन्न हुए शहरी निकाय चुनाव के बाद अब नवनिर्वाचित पार्षदों के बीच लॉबिंग का दौर शुरू हो चुका है. 16 मार्च को डिप्टी मेयर का चुनाव प्रस्तावित है, ऐसे में अगले कुछ दिन बेहद अहम माने जा रहे हैं.

इस बार निगम में आधे से अधिक पार्षद नए और अनुभवहीन हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसे माहौल में धनबल और जोड़-तोड़ की राजनीति हावी हो सकती है. ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की आशंकाओं से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. पर्दे के पीछे से कई प्रभावशाली चेहरे अपने- अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में रणनीति बनाने में जुटे हैं.
*कौन-कौन हैं रेस में ?*
डिप्टी मेयर पद की दौड़ में वार्ड 18 से अंकुर सिंह, वार्ड 29 से अर्चना कुमारी, वार्ड 23 से अवधेश सिंह और वार्ड 19 से बिजेश उर्फ टोंडी सिंह का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है. हालांकि, राजनीतिक गलियारों में अवधेश सिंह और टोंडी सिंह को डमी कैंडिडेट के रूप में भी देखा जा रहा है. दिलचस्प तथ्य यह है कि सभी दावेदार पहली बार चुनाव जीतकर नगर निगम पहुंचे हैं. अधिकांश उम्मीदवारों के पीछे किसी न किसी राजनीतिक संरक्षक या ‘गॉडफादर’ का समर्थन होने की चर्चा है, जिससे समीकरण और भी जटिल हो गए हैं.
*नीतू शर्मा की दावेदारी मजबूत*
वार्ड 17 से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाली नीतू शर्मा को डिप्टी मेयर पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है. उन्होंने इस चुनाव में निवर्तमान डिप्टी मेयर बॉबी सिंह को पराजित कर अपनी राजनीतिक ताकत का परिचय दिया है. अनुभव, जनाधार और लगातार दूसरी जीत उनके पक्ष को मजबूत बनाते हैं. हालांकि, उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती धनबल और गुटबंदी की राजनीति है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्षद अनुभव और कार्यशैली को प्राथमिकता देते हैं तो नीतू शर्मा की राह आसान हो सकती है, लेकिन यदि समीकरण धनबल और दबाव की राजनीति पर टिके, तो मुकाबला अप्रत्याशित हो सकता है.
*पार्टी कैडर भी सक्रिय*
कई पार्षद अपने- अपने दल और व्यक्तिगत समीकरणों के आधार पर लामबंदी में जुटे हैं. अगले कुछ दिनों में बैठकों, संपर्कों और रणनीतिक चर्चाओं का दौर और तेज होने की संभावना है. अब देखना दिलचस्प होगा कि 16 मार्च को डिप्टी मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव में अनुभव और जनाधार को तरजीह मिलती है या फिर धनबल और पर्दे के पीछे की राजनीतिक चालें निर्णायक साबित होती हैं.

