आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 14 से सुनीता बेरा और वार्ड संख्या 16 से राजरानी महतो का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है, हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा अभी शेष है. विदित हो कि गम्हरिया अंतल कार्यालय में कुल 45 नामांकन हुई थी, जिसमें वार्ड 14 में पांच नामांकन अयोग्य घोषित किये गये.

नगर निकाय चुनाव को लेकर गम्हरिया अंचल कार्यालय में वार्ड संख्या 10 से 18 तक की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को प्रपत्रों की जांच हुई. इसी दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वार्ड 14 से नामांकन करने वाले छह अभ्यर्थियों में केवल सुनीता बेरा का ही प्रपत्र वैध पाया गया, जबकि अन्य के नामांकन निरस्त हो गए. वहीं वार्ड 16 से केवल राजरानी महतो द्वारा ही नामांकन किया गया था, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जीत जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और सादगी भरे व्यक्तित्व का सम्मान है. समर्थकों में उत्साह है और क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जाग उठी हैं. चुनाव से पूर्व ही आये परिणाम से विजय अभ्यर्थियों समेत वार्ड के लोगों में उत्साह का माहौल है.

