आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के वार्ड 17 स्थित टाटा- कांड्रा सर्विस रोड से जयप्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक पथ निर्माण को लेकर शुक्रवार सुबह जयप्रकाश उद्यान परिसर में एक आम सभा का आयोजन किया गया. इस सभा में आदित्यपुर नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता राहुल कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.

विदित हो कि पिछले आठ वर्षों से निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा और क्षेत्र की जनता वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत थीं. लगभग दो वर्ष पूर्व वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद नगर निगम ने टेंडर जारी किया था और सांसद जोबा माझी के हाथों शिलान्यास भी कराया गया था. लेकिन नगर निगम की लापरवाही के कारण तय समय सीमा में कार्य प्रारंभ नहीं हो सका, जिसके चलते वन विभाग ने निर्माण कार्य रोक दिया.
सभा में उपस्थित नागरिकों ने निगम की उदासीनता पर नाराज़गी जताई और कहा कि वर्षों की मेहनत और जनसहयोग पर पानी फिर गया. सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जयप्रकाश उद्यान पथ का निर्माण पुनः कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके.
सभा के दौरान प्रतिमा देवी को समिति का अध्यक्ष और मंजू देवी को सचिव चुना गया.
इस मौके पर पूर्व पार्षद नीतू शर्मा, अभय कुमार सिन्हा, रीता कुमारी, गुड्डू कुमार, जे.एन. सिंह, सपना सिंह, विनीत सहाय, सुरेश कुमार, रमेश चौरसिया, आभा चौरसिया सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे.

