आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के वार्ड 20 स्थित गुमटी बस्ती में डीप बोरिंग को लेकर रेलवे और नगर निगम के बीच टकराव पैदा हो गया है. भाजपा नेता विशु महतो ने नगर निगम पर आरोप लगाया है कि उसने रेलवे से एनओसी लिए बिना रेलवे की जमीन पर डीप बोरिंग का निर्माण करवा दिया.

रेलवे प्रशासन ने इस संबंध में कई बार नगर निगम को नोटिस भेजा, लेकिन न तो बोरिंग हटाया गया और न ही स्थानांतरित किया गया. स्थिति बिगड़ने पर रेलवे प्रशासन ने खुद डीप बोरिंग को तोड़ दिया. इससे गुमटी बस्ती सहित आसपास के लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे कर्मचारी जब बोरिंग के अंदर से मोटर निकालने पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया. स्थानीय लोग पहले से ही पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं. भाजपा नेता विशु महतो ने बस्तीवासियों का समर्थन करते हुए चेतावनी दी कि यदि रेलवे और नगर निगम मिलकर समाधान नहीं करते, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
उन्होंने मांग की कि रेलवे और नगर निगम मिलकर किसी अन्य स्थान पर डीप बोरिंग स्थानांतरित करें, ताकि लोगों को पानी मिल सके.

