आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के ततीय इलाकों में शनिवार को आये बाढ़ की वजह से लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है. इस दौरान प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हुई है. सबसे बड़ी लापरवाही नगर निगम की सामने आयी है. जहां डीसी के निर्देश के बाद भी नगर निगम की टीम ने बाढ़ प्रभावितों के लिए कोई सार्थक प्रयास नहीं किया. जो भी प्रयास किया वह सोशल मिडिया और अखबारों की सुर्खियां बनी. जमीन पर काम स्थानीय जनप्रतिनिधि ही करते नजर आये. जहां अलग- अलग इलाकों में स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी रात जागकर प्रभवित लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाते नजर आए.

लोजपा जिलाध्यक्ष अनिल पासवान अपनी पूरी टीम के साथ वार्ड 11, 18 और बाबा कुटिया के प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर ट्यूब के जरिये बाढ़ में घिरे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. इसमें उनके साथ लोजपा नेता इशांत शर्मा, राजा ठाकुर के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे.
अनिल पासवान ने बताया कि नगर निगम के दावे और तैयारी शून्य रही. अधिकारी फोटो खिंचवाने में व्यस्त रहे. जमीन पर जनता तड़पती रही. उन्होंने कहा कि बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए उन्होंने नगर निगम नाव की व्यवस्था करने की मांग की थी नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह ने भरोसा दिलाया मगर ना तो नाव का व्यवस्था किया गया ना ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित कैसे निकाला जाए इसकी कोई मुकम्मल व्यवस्था की गई. पूरी रात हमारी टीम ने ट्यूब के सहारे प्रभावित लोगों को घरों से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. यहां तक की लोग रात को क्या खाएंगे इसकी व्यवस्था भी नहीं की गई. एकाध जगह यदि व्यवस्था की गई होगी तो इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. पूरी रात टॉर्च और मोमबत्ती के सहारे हम लोगों ने अपने स्तर से जो भी बन पड़ा लोगों की मदद की. उन्होंने उपायुक्त से नगर निगम की पूरी टीम को बदलने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उपायुक्त के बार-बार निर्देश के बाद भी नगर निगम की टीम ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई और समय रहते लोगों को मदद नहीं पहुंचाया. उन्होंने कहा कि आपदा से लोगों को हुए नुकसान की भरपाई नगर निगम करें अन्यथा जोरदार आंदोलन किया जाएगा.

