आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या नौ की पार्षद प्रत्याशी राखी मार्डी के कथित तौर पर प्रेमी के साथ फरार होने की चर्चा के बीच शुक्रवार को राखी मार्डी स्वयं आरआईटी थाना पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम को चुनावी साजिश करार दिया.

थाना पहुंचकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनावी माहौल में उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित ढंग से अफवाह फैलाई जा रही है. विरोधियों द्वारा जानबूझकर इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर प्रचारित किया गया, ताकि चुनाव में उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सके.
राखी मार्डी ने बताया कि जिस व्यक्ति को उनका प्रेमी बताया जा रहा है, वह उनका प्रस्तावक है. उन्होंने साफ किया कि वह किसी के साथ फरार नहीं हुई थीं, बल्कि अपने मायके गई हुई थीं. उन्होंने कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरें फैलाकर मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और अफवाहों पर विराम लगे. मामले को लेकर वार्ड क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

