आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर चुनाव से पहले सियासी माहौल पूरी तरह गरम है. सोमवार को जिला मुख्यालय में होने वाले इस चुनाव से पहले रविवार की रात राजनीतिक हलकों में बेचैनी और सस्पेंस साफ महसूस किया जा रहा है. हर खेमे में गणित बैठाया जा रहा है और पार्षदों की धड़कनें तेज हो गई हैं.


नगर निगम के 35 पार्षद मिलकर डिप्टी मेयर का चुनाव करेंगे. ऐसे में एक-एक वोट की अहमियत बढ़ गई है. सियासी गलियारों में संभावित प्रत्याशियों के रूप में चार नाम चर्चा में हैं. इनमें वार्ड 18 से पहली बार पार्षद बने अंकुर सिंह, वार्ड 29 से पहली बार पार्षद बनीं अर्चना कुमारी, वार्ड 23 से पहली बार पार्षद बने अवधेश सिंह और वार्ड 7 से पहली बार पार्षद बने परितोष बेज का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है.
सभी संभावित प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त बताए जा रहे हैं, लेकिन पर्दे के पीछे समर्थन जुटाने का खेल भी तेज है. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह चुनाव आखिरी क्षण तक सस्पेंस से भरा रह सकता है.
सोमवार को सबसे पहले सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पद की शपथ दिलाई जाएगी. इसके बाद डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश करेंगे. फिर मतदान की प्रक्रिया पूरी होगी और जिसके पक्ष में बहुमत होगा, उसे डिप्टी मेयर घोषित किया जाएगा. इसके बाद विजेता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी.
फिलहाल आदित्यपुर की सियासत में एक अजीब सा सन्नाटा और सस्पेंस है. जैसे किसी बड़े फैसले से पहले की खामोशी. हर खेमे में बैठकों का दौर जारी है, फोन लगातार बज रहे हैं और हर कोई अपने-अपने गणित में लगा हुआ है.
अब सबकी निगाहें सोमवार की सुबह पर टिकी हैं. देखना दिलचस्प होगा कि यह सस्पेंस भरी रात किसके लिए जीत की सुबह लेकर आती है और किसके हिस्से मायूसी.a

