आदित्यपुर: इंडस्ट्रियल पार्क स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जमशेदपुर के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. इस समझौते के तहत एनआईटी जमशेदपुर के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा भूतपूर्व कर्मियों को अस्पताल में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

एमओयू का उद्देश्य संस्थान से जुड़े लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है. दोनों संस्थानों ने इसे शैक्षणिक और सामाजिक सहयोग की दिशा में अहम कदम बताया.

इस अवसर पर नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्राचार्य डॉ. के. एन. सिंह, सोसायटी के चेयरमैन एम. के. झा, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर के. के. सिंह उपस्थित रहे. वहीं एनआईटी जमशेदपुर के डायरेक्टर डॉ. गौतम सूत्रधर, रजिस्ट्रार डॉ. सरोज सारंगी तथा प्रोफेसर डॉ. एम. ए. हसन भी मौजूद थे.

