सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद को लेकर बड़ा रणनीतिक फैसला लेते हुए एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय सरदार को समर्थन देने की घोषणा की है. इस घटनाक्रम के तहत पहले समर्थित प्रत्याशी प्रभासिनी कालुंडिया ने संगठन के निर्णय का सम्मान करते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है. उनके नामांकन वापसी से चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है.

शुक्रवार को आदित्यपुर में भाजपा की उच्च स्तरीय आपात बैठक आयोजित की गई. बैठक में चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई. भाजपा के प्रभारी और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की मौजूदगी में सर्वसम्मति से संजय सरदार के नाम पर मुहर लगाई गई.
बैठक के बाद आधिकारिक रूप से बताया गया कि प्रभासिनी कालुंडिया अब संजय सरदार के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार अभियान चलाएंगी. बैठक में पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह निर्णय सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों को साधने की रणनीति का हिस्सा है. इस फैसले के बाद मेयर पद का चुनाव मुकाबला और अधिक रोचक तथा संभावित रूप से त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है.

